पहले पति के तीन बच्चों को रखने की शर्त पर लिव इन में रखा: अब मन भर गया तो दूसरी युवती से शादी करना चाहता है, परिवार के लोगों ने जहर खिला दिया

शिवपुरी। शहर की एक महिला ने महिला थाना शिवपुरी में शिकायत देकर एक युवक और उसके परिवार पर शादी का झांसा देकर साथ रखने, मारपीट करने, तीन बच्चों सहित घर से निकालने और जहर खिलाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपनी और बच्चों की सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार काजल शर्मा, पुत्री विनोद शर्मा, मूल निवासी विजय नगर, इंदौर और वर्तमान निवासी 26 नंबर कोठी के पास फतेहपुर, शिवपुरी ने बताया कि उसकी पहले सूरजवेदी निवासी इंदौर से शादी हुई थी, जिससे उसके तीन बच्चे हैं। पति के दूसरी महिला के साथ चले जाने के बाद उसकी पहचान राजकुमार यादव निवासी 26 नंबर कोठी के पास शिवपुरी से हुई।
महिला का आरोप है कि राजकुमार यादव ने खुद को अविवाहित बताते हुए उसे और उसके तीनों बच्चों को जीवनभर साथ रखने तथा भरण-पोषण का भरोसा दिया। इसके बाद कोर्ट में लिखापढ़ी भी कराई, लेकिन बाद में दस्तावेज अपने पास रख लिए।
मारपीट कर बच्चों सहित घर से निकालने का आरोप
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद राजकुमार यादव और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया। उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि 27 जुलाई 2026 को राजकुमार यादव, उसकी बहन, बहनोई और मां ने उसे तीनों बच्चों सहित घर से निकाल दिया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पोलो ग्राउंड के पास जहर खिलाने की कोशिश का आरोप
महिला ने बताया कि 28 जुलाई 2026 को कोतवाली थाना में आवेदन देने के बाद वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय जा रही थी। इसी दौरान पोलो ग्राउंड के पास राजकुमार यादव, उसकी बहन राजकुमारी धाकर, ब्रजेश धाकर तथा अन्य साथियों ने उसे रोक लिया। महिला का आरोप है कि उसे जबरन चूहे मारने वाली दवा खिलाने की कोशिश की गई। साथ ही आरोप लगाया कि कार्रवाई से बचने के लिए राजकुमार यादव ने स्वयं भी जहर खाकर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
मेडिकल कॉलेज में भर्ती रही महिला
महिला के अनुसार घटना के बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर किया गया। वहां उसका उपचार हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि अब भी आरोपी और उसके परिजन उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
महिला ने महिला थाना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने, अपनी और तीनों बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।
