तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, 35 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोहरी निवासी मनीराम कुशवाह (35) अपने साथी रामजीलाल कुशवाह के साथ मोटरसाइकिल से कोलारस से अपने गांव लौट रहे थे। सोमवार शाम गुगवारा-राई रोड पर राई की ओर से तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने सामने से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क किनारे जा गिरे। हादसे में मनीराम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामजीलाल के पैर और हाथ की कोहनी में गंभीर चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में इलाज जारी है।
हादसे के बाद पीछे आ रहे साथियों ने मृतक के भाई सुगन कुशवाह को सूचना दी। इसके बाद दोनों को तत्काल कोलारस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मनीराम को मृत घोषित कर दिया।
कोलारस थाना प्रभारी पुनीत वाजपेई ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक और पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
