35 साल की वर्षा ने फांसी लगाकर सुसाइड किया, तीसरी शादी की थी, मायके पक्ष के इंतजार में रुका PM

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ठाकुर बाबा कॉलोनी में 35 वर्षीय महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतका की पहचान वर्षा रजक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा की रहने वाली थी।
पुलिस के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष को घटना की सूचना दे दी गई है, लेकिन उनके नहीं पहुंचने के कारण सोमवार शाम तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका।
करीब एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले वर्षा रजक की शादी शिवपुरी निवासी लखन रजक से हुई थी। लखन ने बताया कि उसकी पहली पत्नी का निधन हो चुका था, जिसके बाद उसने वर्षा से दूसरी शादी की थी।
बताया गया है कि वर्षा के पहले पति की भी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद उसकी दूसरी शादी हुई, लेकिन वह रिश्ता टूट गया। करीब एक साल पहले उसने लखन रजक से विवाह किया था। वर्षा के दो बच्चे और लखन के भी दो बच्चे हैं, जो एक साथ परिवार में रह रहे थे।
बेटी ने दी जानकारी, दरवाजा तोड़ने पर मिला शव
लखन रजक ने बताया कि वह जेसीबी चालक है। रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह काम से घर लौटा, तो उसकी बेटी ने बताया कि वर्षा ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा है। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर वर्षा साड़ी के फंदे से लटकी मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच में जुटी
लखन ने किसी भी तरह के घरेलू विवाद से इनकार किया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों को इटावा से बुलाया गया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
