पूरे एक्शन में ट्रैफिक पुलिस: 90 वाहनों से बसूले 45 हजार, कई हूटर हटाए

शिवपुरी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शिवपुरी यातायात पुलिस और जिले के सभी थानों की पुलिस ने सोमवार को संयुक्त विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 90 वाहनों के चालान बनाए गए और 45 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 1 अगस्त से 10 अगस्त तक पूरे प्रदेश में 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को शिवपुरी शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाहनों की सघन जांच की गई।
इन नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान निजी वाहनों पर लगे अनधिकृत हूटर, वीआईपी सरकारी स्टिकर, ब्लैक फिल्म तथा बिना एचएसआरपी या अमानक नंबर प्लेट के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में:
21 वाहनों पर अनधिकृत हूटर मिलने पर 10,500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
3 वाहनों पर वीआईपी सरकारी स्टिकर के अनधिकृत उपयोग पर 1,500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
12 वाहनों पर ब्लैक फिल्म या अमानक टिंटेड फिल्म पाए जाने पर 6,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
54 वाहनों पर बिना एचएसआरपी, गलत या अमानक नंबर प्लेट होने पर 27,000 रुपए का समन शुल्क वसूला गया।
10 अगस्त तक चलेगा अभियान
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह विशेष अभियान 10 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में अनधिकृत हूटर, फ्लैश लाइट, वीआईपी स्टिकर और ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें तथा निर्धारित मानकों के अनुसार एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाकर ही वाहन चलाएं।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
