1005516400

बदरवास में मारपीट और लूट के बाद पीड़ित परिवार पहुंचा एसपी ऑफिस, बोला- आरोपी खुलेआम दे रहे जान से मारने की धमकी

1005516400

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के श्रीपुर चक्क गांव में हुई मारपीट और कथित लूट की घटना के बाद पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। परिवार ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे खुलेआम घूमकर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़ितों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़ित शिशुपाल यादव ने बताया कि 28 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे उनके छोटे भाई अंशुल यादव का गांव के एक होटल में जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया था। आरोप है कि कुछ देर बाद 35 से 40 लोग लाठी, कुल्हाड़ी, तलवार, चाकू और अन्य हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और जबरन घर में घुसकर हमला कर दिया।

आठ लोग घायल, घर में तोड़फोड़ और लूट का आरोप

परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में कल्याण यादव, जशरथ यादव, रामराजा यादव, अंशुल यादव, वीरेंद्र सिंह, प्रेमबाई, बालकुमारी और सर्वेश यादव घायल हो गए।

पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ भी की और अलमारी में रखे करीब एक लाख रुपये नकद के साथ महिलाओं के मंगलसूत्र और चांदी के आभूषण भी छीन लिए। हमले में प्रेमबाई का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि बालकुमारी, सर्वेश और दिव्यांग रामराजा के सिर में गंभीर चोटें आईं।

एसपी से सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग

शिशुपाल यादव ने एसपी को दिए ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच, निष्पक्ष कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि घटना कैमरों में कैद हुई है और आरोपी लगातार धमकियां देकर परिवार पर समझौते का दबाव बना रहे हैं।

थाना प्रभारी बोले- दोनों पक्षों की क्रॉस एफआईआर दर्ज

बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है। यादव पक्ष के बयान के आधार पर परिहार पक्ष के खिलाफ बलवा सहित अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि घायलों की एक्स-रे और मेडिकल रिपोर्ट अभी आना बाकी है। रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यकता अनुसार अन्य धाराएं बढ़ाई जाएंगी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *