1005516273

शिवपुरी में नाबालिगों से बिकवाई जा रही शराब! गांवों में खुलेआम बिक्री के आरोप, आबकारी अधिकारी बोले जांच करेंगे

1005516273

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के छर्च थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चों से शराब बिकवाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब कारोबार से जुड़े लोग कुछ रुपये के मुनाफे के लिए मासूम बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मामले के सामने आने के बाद जिला आबकारी अधिकारी ने इसे गंभीर बताते हुए जांच कराने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, छर्च, विलौआ और भेसरावन में अधिकृत शराब की दुकानें संचालित हैं। इसके बावजूद हिनोतिया, बागलोंन, मोहरा और दोरानी सहित आसपास के कई गांवों में छोटी दुकानों पर कथित रूप से नाबालिग बच्चों से शराब बिकवाई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन दुकानों पर खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है।

ग्रामीण बोले- लंबे समय से चल रहा है खेल

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार जारी है, लेकिन आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि एक तरफ पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चलाने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर गांवों में शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों से शराब बिकवाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे बच्चों और युवाओं के भविष्य पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

आबकारी अधिकारी ने दिए जांच के निर्देश

जिला आबकारी अधिकारी शुभम दंगोडे ने कहा कि विभाग समय-समय पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करता है। यदि नाबालिग बच्चों से शराब बिकवाए जाने की शिकायत मिली है, तो इसकी जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *