1005515977

पोहरी में खाद संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा: शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर एक घंटे चक्काजाम, लंबी लगी वाहनों की कतारें

1005515977

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी में खाद की किल्लत और टोकन वितरण में कथित अव्यवस्था को लेकर सोमवार सुबह किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज किसानों ने आईटीआई के पास शिवपुरी-श्योपुर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि वे कई दिनों से खाद लेने के लिए सहकारी केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो समय पर टोकन मिल रहे हैं और न ही पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों का आरोप है कि लगातार हो रही परेशानी के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया जाम

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पोहरी थाना प्रभारी रवि चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन से चर्चा कर समाधान कराने का भरोसा दिया। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद करीब एक घंटे में किसानों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।

बैठक के बाद समाधान का आश्वासन

किसानों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि सोमवार दोपहर प्रस्तावित बैठक के बाद खाद की उपलब्धता और टोकन वितरण व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। किसानों को भरोसा दिलाया गया है कि जल्द ही वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

दोबारा आंदोलन की चेतावनी

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि आश्वासन के बावजूद समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई और टोकन वितरण में सुधार नहीं हुआ, तो वे दोबारा चक्काजाम कर उग्र आंदोलन करेंगे। किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन के इस महत्वपूर्ण समय में खाद नहीं मिलने से बुवाई और फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *