शिवपुरी में दो नाबालिग चचेरी बहनों से RAPE, दोनों आरोपी गिरफ्तार

शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में दो नाबालिग चचेरी बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 29 जुलाई की बताई जा रही है। 13 और 14 वर्ष की दोनों चचेरी बहनें खेत पर गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवकों ने उन्हें अकेला पाकर उनके साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
देर शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में दोनों बालिकाएं गांव के बाहर जंगल में स्थित एक मंदिर के पास रोती हुई मिलीं। परिजनों से बातचीत में उन्होंने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद 30 जुलाई को परिजन दोनों बालिकाओं को लेकर बदरवास थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
बालिकाओं के बयानों के आधार पर पुलिस ने राकेश बारेला और सिंधिया बारेला के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की। जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
