रिश्ते तार- तार: जिस युवक से हर साल राखी बंधवाती थी युवती, उसी को लेकर भाग गया युवक, मां बोली बेटी नाबालिग

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र से रिश्तों को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती अपने पड़ोसी युवक के साथ घर से चली गई और दोनों ने शादी करने का दावा किया। मामला तब और उलझ गया जब युवती की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उसकी बेटी अभी 17 वर्ष की नाबालिग है और जिस युवक के साथ गई है, उसे वह हर साल राखी बांधती थी।
मां ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि पड़ोसी अमित बाथम उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में अमित की भाभी ने भी सहयोग किया। मां ने दोनों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हलफनामे से मामला हुआ पेचीदा
इस मामले में इससे पहले प्रेमी युगल की ओर से एक संयुक्त शपथपत्र सामने आया था, जिसमें दोनों ने स्वयं को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से साथ रहने की बात कही थी। वहीं अब युवती की मां ने बेटी को नाबालिग बताते हुए उसके अपहरण का आरोप लगाया है, जिससे मामला और जटिल हो गया है।
दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस
फिजिकल थाना पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती की वास्तविक उम्र से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
