सिंध नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: माइनिंग विभाग और पुलिस का छापा, ट्रैक्टरों को छोड़कर भागे, 3 वाहन जप्त

शिवपुरी। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिंध नदी घाट पर छापामार कार्रवाई की। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकले।
भागने की जल्दबाजी में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी किनारे की मिट्टी में फंस गईं, जबकि एक ट्रॉली नदी में लावारिस हालत में खड़ी मिली। संयुक्त टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कई अन्य वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
लुकवासा चौकी में रखे गए जब्त वाहन
खनिज निरीक्षक ऋषभम दीक्षित ने बताया कि सिंध नदी घाट पर अवैध रेत खनन की सूचना मिलने के बाद माइनिंग विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक ट्रॉली जब्त की गई है। सभी जब्त वाहनों को लुकवासा चौकी परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
कलेक्टर न्यायालय में पेश होगा मामला
खनिज निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले का प्रकरण तैयार कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां नियमानुसार जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
