डीएड-बीएड में एडमिशन दिलाने के नाम पर छात्रों के साथ लाखों की ठगी! 60 से ज्यादा छात्र पहुंचे थाने, आरोपी पर FIR दर्ज

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में डीएड और बीएड में प्रवेश दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। रविवार को 60 से अधिक छात्र-छात्राएं एकजुट होकर पिछोर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी प्रमोद शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन में कॉलेज चौराहा, पिछोर निवासी कृष्णा पुरोहित (23) ने बताया कि ग्वालियर जिले के भितरवार तहसील के ग्राम केरूआ निवासी प्रमोद शर्मा पिछोर के शिवपुरी रोड पर GITM नाम से कार्यालय संचालित करता था। वह खुद को विभिन्न कॉलेजों से जुड़ा बताकर डीएड और बीएड में प्रवेश दिलाने का भरोसा देता था।
फीस ली, लेकिन न एडमिशन कराया, न कॉलेज में जमा की रकम
आरोप है कि प्रमोद शर्मा ने अलग-अलग छात्र-छात्राओं से प्रवेश और फीस के नाम पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से लाखों रुपये वसूले। कुछ छात्रों का प्रवेश तो कराया गया, लेकिन संबंधित कॉलेजों में फीस जमा नहीं की गई। वहीं कई छात्रों से पैसे लेने के बावजूद न तो उनका प्रवेश कराया गया और न ही उनकी राशि लौटाई गई।
मोबाइल बंद, कार्यालय पर ताला
पीड़ित छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। पिछले करीब एक माह से उसका मोबाइल फोन बंद है और पिछोर स्थित उसका कार्यालय भी बंद मिला। छात्रों का कहना है कि आरोपी उनकी रकम लेकर फरार हो गया, जिससे कई विद्यार्थियों का एक शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो गया और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
60 से ज्यादा छात्र बताए गए पीड़ित
शिकायतकर्ताओं ने बैंक ट्रांजैक्शन, ऑनलाइन भुगतान की जानकारी, रसीदें, मोबाइल संदेश और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंपे हैं। शिकायत में सत्यम शर्मा, संस्कार गुप्ता, शुभम जैन, विनोद जाटव, ध्रुव तिवारी, आदित्य बुंदेला, राहुल गुप्ता, पियूष कचेरे, रोहित गुप्ता, सुयश श्रीवास्तव, वैदांत शर्मा, सौरभ सोनी, नवीन पुरोहित, शिवम जैन, श्रुति शर्मा, आयुषी शर्मा, गौरव जैन, तनिष्का पाठक, सौम्या पाठक सहित 60 से अधिक छात्र-छात्राओं को कथित ठगी का शिकार बताया गया है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
रविवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने शिकायत की जांच की। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर आरोपी प्रमोद शर्मा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
