बकरी चोरी के संदेह में चक्काजाम: युवक को पकड़कर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई

शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में रविवार को बकरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने नया चौराहा स्थित पिछोर-चंदेरी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर उस पर बकरियां चोरी कर झांसी में बेचने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जाम खुलवाया और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
धमकन गांव निवासी जयेंद्र लोधी ने आरोप लगाया कि उसकी 10 बकरियां चोरी हो गई थीं। उनका कहना है कि जराय गांव निवासी रामजी लोधी ने बकरियां चोरी कर झांसी में बेच दीं। जयेंद्र के मुताबिक, उन्हें उपेंद्र लोधी से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने रामजी को पकड़ लिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रामजी पहले भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
जयेंद्र का कहना है कि उन्होंने रामजी से कथित रूप से बेची गई बकरियों के पैसे मांगे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसके पिता को भी फोन कर मौके पर बुलाया गया, लेकिन वे नहीं पहुंचे। इसी बात से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
आरोपों को बताया बेबुनियाद
वहीं, रामजी लोधी ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उसने कहा कि दो वर्ष पहले ही उसने चोरी और अन्य अवैध गतिविधियां छोड़ दी थीं। रामजी के अनुसार, पहले वह कुछ मामलों में शामिल रहा था, लेकिन एक दुर्घटना और नहर मुआवजे की राशि मिलने के बाद उसने वह जीवन छोड़ दिया। उसने बकरी चोरी की घटना से अपना कोई संबंध होने से इनकार किया।
पुलिस कर रही जांच
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर मार्ग से जाम हटवाया। इसके बाद शिकायतकर्ता और आरोपित दोनों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
