शिवपुरी में रेलवे ट्रैक पर मिला 50 वर्षीय देवी सिंह का शव, पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम असुआखेड़ी के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान देवीसिंह रावत (50) पुत्र रामजीलाल रावत, निवासी असुआखेड़ी के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बिना बताए घर से निकले थे
मृतक के भाई जमुना रावत ने पुलिस को बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे देवीसिंह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। कुछ समय बाद पुलिस से सूचना मिली कि गांव के पास रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला है।
हर पहलू की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
