युवक की संदिग्ध मौत: पत्नी बोली मामा के बेटों ने हत्या की है, SP से लगाई न्याय की गुहार

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के सुमेढ़ गांव में 30 वर्षीय युवक अर्जुन आदिवासी की संदिग्ध मौत का मामला अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया है। मृतक की पत्नी सोनिया आदिवासी ने अपने पति की हत्या का आरोप उसके मामा पक्ष के लोगों पर लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
सोनिया आदिवासी का आरोप है कि 29 जुलाई की रात अर्जुन अपने मामा के गांव गया था। रात करीब 1:30 बजे ब्रजेश, गोपेश, मुकेश, जसरथ, गीता, भारती, श्रीवती सहित अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। उनका यह भी आरोप है कि घटना के बाद शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद दीपू नामक व्यक्ति अर्जुन को घर लेकर आया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनिया का आरोप है कि बैराड़ पुलिस ने शुरुआत में केवल अप्राकृतिक मृत्यु (यूडी क्रमांक 23/2026) दर्ज की और उनकी शिकायत में बताए गए सभी आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए।
मृतक की पत्नी ने बताया कि अर्जुन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी, दो छोटी बेटियां और हाथ में फ्रैक्चर से घायल मां हैं। अर्जुन की मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।
बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयान मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले संबंधित लोग शराब के नशे में थे और उनके बीच विवाद हुआ था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
