नामांकन और अपार ID में लापरवाही पर DEO- DPC सख्त, बोले- तीन दिन में काम पूरा नहीं तो कार्यवाही के लिए तैयार रहे

शिवपुरी। जिले के सरकारी स्कूलों में नामांकन और अपार आईडी (APAAR ID) के कार्य में लापरवाही पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को शिवपुरी विकासखंड के करीब 350 प्राथमिक, माध्यमिक और हाईस्कूल/हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्रभारियों, जनशिक्षकों और जनशिक्षा केंद्र प्रभारियों की मैराथन समीक्षा बैठक हैप्पीडेज स्कूल में आयोजित की गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) आकाश सिंह यादव और जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दफेदार सिंह सिकरवार ने स्कूलवार समीक्षा करते हुए नामांकन और अपार आईडी की प्रगति पर वन-टू-वन चर्चा की। जिन स्कूलों में कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली, उनके प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि तीन दिन के भीतर लक्ष्य पूरा करें, अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
इन स्कूलों पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान माध्यमिक विद्यालय मदकपुरा, हरिजन बस्ती सईसपुरा और पीएमश्री घोसीपुरा के प्रभारियों पर नामांकन और अपार आईडी के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और तीन दिन का अल्टीमेटम दिया।
बैठक में जिला शिक्षा केंद्र के एपीसी उमेश करारे, मुकेश पाठक, बीआरसीसी अतर सिंह राजौरिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का संचालन जनशिक्षक अरविंद सरैया ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग एमआईएस कोऑर्डिनेटर हेमंत खटीक ने दिया।
100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने वालों का सम्मान
बैठक में उन स्कूल प्रभारियों की सराहना की गई जिन्होंने नामांकन, अपार आईडी, ओलंपियाड, चाइल्ड ट्रैकिंग, ड्रॉप बॉक्स और असाक्षर पंजीयन सहित सभी कार्य समय पर पूरे किए। ऐसे शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और अन्य स्कूलों को भी उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी गई।
हार्ड कॉपी आदेश स्कूलों में रखना अनिवार्य
डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने निर्देश दिए कि जिला एवं राज्य स्तर से जारी महत्वपूर्ण आदेशों की हार्ड कॉपी प्रत्येक स्कूल में उपलब्ध रहे। जनशिक्षकों को ऐसे आदेशों की प्रतियां स्कूलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
घंटी बजाने और पालकों से संपर्क के निर्देश
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी स्कूलों में प्रतिदिन निर्धारित समय पर घंटी बजाई जाए। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करें, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा इसका रिकॉर्ड संधारित करें। इसके अलावा विद्यार्थियों को नियमित होमवर्क, सुलेख, फेयर कॉपी, स्वच्छता, प्रिंट-रिच वातावरण, हर माह के पहले शनिवार को एसएमसी बैठक आयोजित करने तथा प्रवेश पंजी में जन्मतिथि शब्दों में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।
