1005502766

6 माह पहले साढ़े आठ लाख के टमाटर खरीदकर गायब हो गया यूपी का व्यापारी, गिरफ्तार

1005502766

शिवपुरी। सिरसौद थाना पुलिस ने किसानों से टमाटर खरीदकर लाखों रुपये का भुगतान किए बिना फरार हुए एक व्यापारी को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर किसानों के 8.24 लाख रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को ग्राम शंकरपुर निवासी सीताराम यादव ने सिरसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 1 और 5 दिसंबर 2025 को गांव के गणेशराम यादव, मुरादाबाद निवासी व्यापारी मोहम्मद आमिर को किसानों से टमाटर खरीदने के लिए लेकर आए थे।

आरोप है कि व्यापारी ने किसानों से 1,030 क्रेट टमाटर 800 रुपये प्रति क्रेट की दर से खरीदकर गाजीपुर मंडी में बेच दिए, लेकिन किसानों को कुल 8,24,000 रुपये का भुगतान नहीं किया। 10 दिसंबर 2025 को आरोपी गांव से बिना पैसे दिए फरार हो गया।

मामले में सिरसौद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 13/26 के तहत अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल शिवपुरी और मुरादाबाद की गलशहीद थाना पुलिस की मदद से मोहम्मद आमिर (35) निवासी असालतपुरा, जिला मुरादाबाद (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से किसानों की मेहनत की कमाई में से 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। आरोपी को शिवपुरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, एसआई बृजपाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक रविंद्र सिनोरिया, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह, आरक्षक रमेश सिंह और मनोज कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *