हाथीखाना में अधूरी सीसी रोड बनी मुसीबत, जलभराव और कीचड़ से परेशान मोहल्लावासी

शिवपुरी। शिवपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 में ब्राह्मण प्याऊ से हाथीखाना जाने वाले मार्ग की अधूरी सीसी रोड बारिश के मौसम में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। सड़क का निर्माण अधूरा होने से बीच के कच्चे हिस्से में लंबे समय से जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय रहवासी और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बन जाती है। ऐसे में स्कूली बच्चों को गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जबकि बुजुर्गों और महिलाओं के लिए फिसलकर घायल होने का खतरा बना रहता है। जलभराव के कारण क्षेत्र में बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय समाजसेवी श्रीमती गीता पंवार ने बताया कि कई दिनों से सड़क पर जलभराव बना हुआ है और लोग मजबूरी में इसी रास्ते से आवागमन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या की शिकायत जनसुनवाई में कलेक्टर से भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो सका है।
स्थानीय नागरिक चतुर सिंह सैंगर, सुरेंद्र सिंह तोमर, केशव प्रसाद शर्मा, कुंजबिहारी चतुर्वेदी, पुरुषोत्तम शर्मा सहित अन्य रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरी सीसी रोड का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही जलभराव वाले गड्ढों में तत्काल मुरम और गिट्टी डलवाकर आवागमन सुचारु कराया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
