पति घर में रखता है कैद इसलिए पत्नि ने खुद को लगाई आग : पति ने बचाई जान, बोला – पत्नि का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है

शिवपुरी । खबर जिलेे के देहात थाना के अंतर्गत लुधावली से आ रही है जहां गौशाला क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने खुद को ही आग लगाने की कोशिश की है। जानकारी के अनुसार हल्कीबाई कुशवाहा ने अज्ञात कारणों के चलते अपने पति बद्री प्रसाद प्रजापति के सामने ही अपने आप में आग लगाने की कोशिश की। जिस पर पति बद्री ने तत्काल हलकीबाई के कपड़ो में आग भड़कने से पहले आग पर काबू पा लिया। और बद्री ने तत्काल अपनी पत्नी हलकीबाई को उपचार के लिए भर्ती कराया व सूचना के बाद अस्पताल पहुंची देहात थाना पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हलकीबाई के पति बद्री प्रसाद प्रजापति ने बताया कि उसकी पत्नी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। आज घर की छत पर बैठी हुई थी, इसी दौरान उसने अपने कपड़ों में माचिस की तीली जला कर आग लगा ली। गनीमत रही इस दौरान वह घर पर ही मौजूद था। नहीं तो कुछ भी हो सकता था। बद्री ने बताया कि उसकी पत्नी ने पहले भी केरोसिन डालकर खुद को आग के हवाले करने की कोशिश की थी। आज फिर एक बार उसने आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
वहीं अस्पताल में उपचार करा रही हलकीबाई ने बताया कि उसका पति उसे मजदूरी करने के लिए नहीं जाने देता है। उसका पति उसे घर में कैद करके रखना चाहता है। इसी बात से नाराज होकर उसने आज अपने आप को आग लगाने का प्रयास किया। देहात थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी।