1005502181

नहीं थम रहा मूर्ति रखने का सिलसिला: आज फिर बिना अनुमति के रख दी स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की मूर्ति

1005502181

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर में सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति महापुरुष की प्रतिमा स्थापित करने का एक और मामला सामने आया है। इस बार बाचनौर चौराहा के पास नए अस्पताल मार्ग पर अज्ञात लोगों द्वारा स्वामी ब्रह्मानंद लोधी की प्रतिमा स्थापित कर दी गई। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी, जिसके बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई।

अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रतिमा किसने स्थापित की और न ही किसी संगठन या व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी ली है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा स्थापित करने वालों की पहचान की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

पिछोर, खनियाधाना और करेरा क्षेत्र में बीते कुछ समय में बिना अनुमति महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ मामलों में सामाजिक और प्रशासनिक विवाद की स्थिति भी बनी थी। वहीं, कई मामलों में पुलिस ने बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की थी।

बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करना नियमों के विरुद्ध

प्रशासन पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर प्रतिमा स्थापित करने से पहले सक्षम प्राधिकारी की अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के निर्देश पहले से लागू हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही है।

कौन थे स्वामी ब्रह्मानंद लोधी?

स्वामी ब्रह्मानंद लोधी स्वतंत्रता सेनानी, आध्यात्मिक संत, समाज सुधारक और स्वतंत्र भारत के पहले भगवाधारी सांसद के रूप में जाने जाते हैं। उनका जन्म 4 दिसंबर 1894 को हुआ था, जबकि 13 सितंबर 1984 को उनका निधन हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और गो-रक्षा, शिक्षा के प्रसार तथा बुंदेलखंड क्षेत्र के सामाजिक उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उनके सामाजिक योगदान के कारण आज भी उन्हें सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *