NH-46 पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन ने 7 गायों को रौंदा, मौके पर मौत; चालक फरार

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 (NH-46) पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जियो पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे बैठी सात गायों को एक अज्ञात भारी वाहन ने कुचल दिया, जिससे सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृत गौवंश को सड़क से हटाया गया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
बारिश में बढ़ रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में कीचड़ और गीली जमीन से बचने के लिए गौवंश अक्सर राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य सड़कों के किनारे बैठ जाते हैं। रात में तेज रफ्तार से गुजरने वाले भारी वाहन समय रहते इन्हें नहीं देख पाते, जिससे ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं
जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष भी जिले में बारिश के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 100 से अधिक गौवंश की मौत हुई थी। इसके बाद प्रशासन ने पंचायतों और स्थानीय निकायों को आवारा पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों का नहीं दिख रहा असर
हालांकि इस वर्ष भी जिला प्रशासन ने सड़कों पर आवारा गौवंश नहीं रहने देने के निर्देश जारी किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका प्रभाव नजर नहीं आ रहा। कई जगह पशुपालक मवेशियों को खुले में छोड़ रहे हैं, जबकि पंचायत स्तर पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैठे आवारा मवेशी न केवल खुद हादसों का शिकार होते हैं, बल्कि वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा बनते हैं। लोगों ने प्रशासन से आवारा गौवंश के लिए स्थायी व्यवस्था करने और लापरवाह पशुपालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
