विधायक के घर में स्थिति मंदिर में चोरी: माता के श्रृंगार के आर्टिफिशियल ज्वेलरी को असली समझकर समेट ले गए, BIKE भी चुरा ले गए

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा गांव में शनिवार तड़के चोरों ने कोलारस विधायक महेंद्र यादव के निवास परिसर में बने गायत्री मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर को निशाना बनाया। बदमाशों ने दोनों मंदिरों के ताले तोड़कर माता के श्रृंगार में लगे आर्टिफिशियल हार और कड़े चोरी कर लिए। आशंका है कि चोर इन्हें सोने के असली आभूषण समझकर अपने साथ ले गए।
आरती के समय हुआ चोरी का खुलासा
घटना का पता शनिवार सुबह करीब 6 बजे चला, जब मंदिर के पुजारी रोजाना की तरह आरती करने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दोनों मंदिरों के ताले टूटे हुए हैं और माता के श्रृंगार के जेवर गायब हैं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
दानपात्र सुरक्षित, सिर्फ जेवर बने निशाना
घटना की खास बात यह रही कि मंदिर में रखे तीनों दानपात्र सुरक्षित मिले। चोरों ने नकदी को हाथ नहीं लगाया और केवल जेवरात चोरी किए। इससे माना जा रहा है कि उनका निशाना सिर्फ कीमती आभूषण थे।
बाइक चोरी कर भागे, पीछा करने पर छोड़कर फरार
मंदिर में चोरी के बाद बदमाश विधायक के एक कर्मचारी की मोटरसाइकिल भी चुराकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस गश्ती दल ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी गांव के तालाब के पास बाइक छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने चोरी की बाइक बरामद कर ली है।
CCTV फुटेज में कैद हुए संदिग्ध
जांच में सामने आया कि मंदिर में चोरी से पहले बदमाशों ने गांव के एक अन्य ग्रामीण के घर में भी घुसने का प्रयास किया था। इस दौरान वे घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
विधायक बोले— असली जेवर सुरक्षित हैं
कोलारस विधायक महेंद्र यादव ने बताया कि गायत्री माता के असली सोने के आभूषण सुरक्षित रखे जाते हैं और केवल विशेष अवसरों पर ही पहनाए जाते हैं। सामान्य दिनों में माता का श्रृंगार आर्टिफिशियल जेवरों से किया जाता है। चोर इन्हें असली सोना समझकर ले गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
इंदार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
