बैराड़ का अनिकेत रावत और पिछोर के राहुल लोधी को कलेक्टर ने किया जिला बदर घोषित

शिवपुरी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने दो आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने अनिकेत रावत और राहुल केवट को छह माह के लिए जिलाबदर करने के आदेश जारी किए हैं।
आदेश के अनुसार, अनिकेत रावत (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-4, न्यू कॉलोनी बैराड़, थाना बैराड़, वर्ष 2021 से विभिन्न आपराधिक मामलों में आरोपित रहा है। वहीं राहुल पुत्र कोमल केवट (26 वर्ष), निवासी मनका हॉल, संकट मोचन कॉलोनी, पिछोर, के खिलाफ वर्ष 2017 से विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने माना कि दोनों की आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है और भविष्य में गंभीर घटनाएं होने की आशंका है। इसी आधार पर दोनों को शिवपुरी जिले के साथ-साथ ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना जिलों की सीमा से 6 माह के लिए बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के तहत जिलाबदर अवधि के दौरान दोनों अपराधियों को जहां भी निवास करेंगे, उसकी लिखित सूचना प्रत्येक माह रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से संबंधित थाना प्रभारी को देना अनिवार्य होगा। संबंधित थाना प्रभारी इसका रिकॉर्ड भी संधारित करेंगे।
यदि जिलाबदर अवधि के दौरान इन जिलों के किसी न्यायालय में उनके विरुद्ध कोई मामला लंबित है, तो वे केवल पेशी के दिन न्यायालय में उपस्थित हो सकेंगे, लेकिन इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी और जिले के पुलिस अधीक्षक को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।
