ऊर्जा मंत्री की सांकेतिक अर्थी निकालने वाले सरपंच पर FIR, सिरसौद बिजली आंदोलन के बाद पुलिस की कार्रवाई

शिवपुरी। जिले के सिरसौद क्षेत्र में बिजली कटौती को लेकर हुए आंदोलन के बाद अमोला थाना पुलिस ने सिरसौद के सरपंच अतर सिंह लोधी सहित कई ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला 27 जुलाई को सिरसौद-पिछोर मार्ग पर किए गए चक्काजाम से जुड़ा है। क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि यह कार्रवाई ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की सांकेतिक अर्थी निकालकर किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद हुई है।
एफआईआर विद्युत कंपनी के लाइनमैन हरभजन जोशी (61), निवासी करैरा की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे वे चालक रामनिवास कुशवाह के साथ मामौनी खुर्द जा रहे थे। इसी दौरान सिरसौद के काली माता मंदिर नाले के पास ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर रखा था।
शिकायत में राहुल सैन, प्रमोद कुशवाह, केशव लोधी, हेमंत लोधी, अतर सिंह लोधी, हरिकिशन लोधी, राधे वाल्मीकि, कल्ला कोली, रिंकू परिहार, पुष्पेंद्र लोधी, महेंद्र झा, धर्मेंद्र लोधी और अन्नी परिहार सहित 50-60 लोगों के सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने का उल्लेख किया गया है।
पुलिस के अनुसार, चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ एम्बुलेंस और डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। शिकायत के आधार पर अमोला थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि सिरसौद क्षेत्र के ग्रामीण पिछले कई दिनों से 10 से 12 घंटे की बिजली कटौती से परेशान थे। इसी समस्या को लेकर 27 जुलाई को करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया गया था। बाद में ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की सांकेतिक अर्थी निकालकर भी विरोध प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली आपूर्ति सुधारने के आश्वासन के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
