1005497840

हॉस्टल संचालक जितेन्द्र शिवहरे पर पालकों के गंभीर आरोप, समय पर भोजन नहीं देने और फीस लौटाने से इनकार की शिकायत

1005497840

शिवपुरी। शहर के एक निजी हॉस्टल के संचालक जितेन्द्र शिवहरे के खिलाफ शुक्रवार को कई पालकों ने कोतवाली पुलिस और शिक्षा विभाग में शिकायत करने की बात कही है। पालकों का आरोप है कि हॉस्टल में बच्चों को समय पर भोजन नहीं दिया जाता था। वहीं, बच्चों को हॉस्टल से निकालने के बाद जमा की गई फीस भी वापस नहीं की गई या मनमाने तरीके से काट ली गई।

बम्हारी गांव निवासी ब्रजमोहन ने बताया कि उन्होंने अपने तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले बेटे का दाखिला हॉस्टल में कराया था और 50 हजार रुपये जमा किए थे। उनका आरोप है कि बच्चे को कई बार दोपहर 12 बजे तक भी भोजन नहीं मिलता था। बच्चों की परेशानियों को देखते हुए उन्होंने बेटे को हॉस्टल से निकाल लिया, लेकिन फीस वापस मांगने पर संचालक जितेन्द्र शिवहरे ने राशि लौटाने से इनकार कर दिया।

इसी गांव के छोटेलाल लोधी ने बताया कि उनके 10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे को भी हॉस्टल में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था और उसे समय पर भोजन नहीं मिलता था। उन्होंने 9 हजार रुपये जमा किए थे, लेकिन केवल आठ दिन हॉस्टल में रहने के बाद बेटे को वापस लाने पर संचालक ने सिर्फ 4 हजार रुपये लौटाए और बाकी राशि काट ली।

वहीं कल्याण सिंह ने भी हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उनका बच्चा भी महज आठ दिन हॉस्टल में रहा था। उन्होंने 13 हजार रुपये जमा किए थे, लेकिन फीस वापसी के दौरान 5,500 रुपये काटकर शेष राशि लौटाई गई।

पालकों का आरोप है कि बच्चों से फोन पर बातचीत भी संचालक की मौजूदगी में कराई जाती थी, ताकि वे हॉस्टल की अव्यवस्थाओं की जानकारी अपने परिजनों को न दे सकें। उनका यह भी कहना है कि जब उन्होंने फीस वापसी और व्यवस्थाओं को लेकर संचालक जितेन्द्र शिवहरे से बात करने की कोशिश की तो उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया।

पीड़ित पालकों ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस के साथ-साथ जिला शिक्षा अधिकारी से भी करने की बात कही है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *