शिवपुरी में मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई: 34 वाहन चालकों पर 24,500 रुपये का जुर्माना, नगर पालिका अध्यक्ष और सरपंच भी नहीं बचे

शिवपुरी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्राची शर्मा उपाध्याय के निर्देश पर शनिवार को ग्वालियर बायपास पर मोबाइल कोर्ट लगाकर यातायात नियमों का सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाने, वाहनों पर काली फिल्म लगाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, नंबर प्लेट पर पदनाम लिखवाने, बिना नंबर के वाहन चलाने तथा नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों में चालान किए गए।
कार्रवाई की खास बात यह रही कि कानून सभी के लिए समान होने का संदेश देते हुए गुना नगर पालिका अध्यक्ष और एक सरपंच पर भी यातायात नियमों के उल्लंघन के चलते जुर्माना लगाया गया।
मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रत्यक्षा कुलेश, प्रिया शर्मा, धर्मवीर राठौर, एडीपीओ मयंक श्रीवास्तव, यातायात प्रभारी रणवीर यादव, कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे, सूबेदार प्रियंका घोष सहित यातायात एवं कोतवाली पुलिस बल मौजूद रहा।
अधिकारियों ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की।
