शिवपुरी में सड़क निर्माण में लापरवाही पर बड़ा एक्शन: ठेकेदार फर्म होगी ब्लैकलिस्ट, 28.46 लाख की बैंक गारंटी भी होगी राजसात

शिवपुरी। शिवपुरी-झांसी फोरलेन (एनएच-3) के पुराने शहरी हिस्से के सड़क सुधार कार्य में लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही फर्म की 28.46 लाख रुपये की बैंक गारंटी राजसात करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री पुष्कल प्रताप ने बताया कि शिवपुरी-झांसी फोरलेन (एनएच-3) के पुराने शहरी हिस्से की 2.40 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधार कार्य का अनुबंध मेसर्स पीताम्बरा आइडियल कंस्ट्रक्शन प्रा. लि., ग्वालियर के साथ किया गया था। विभाग द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण एजेंसी ने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति में कोई सुधार नहीं किया।
इस पर कलेक्टर के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग ने फर्म की 28.46 लाख रुपये की बैंक गारंटी राजसात करने के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ठाठीपुर शाखा, ग्वालियर को डिमांड ड्राफ्ट विभाग के नाम जारी करने संबंधी पत्र भेज दिया है। इसके अलावा फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के लिए अधीक्षण यंत्री, लोक निर्माण विभाग, ग्वालियर परिक्षेत्र को भी प्रस्ताव भेज दिया गया है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि जिले में विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया गुणवत्ता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय-सीमा और गुणवत्ता का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
