पति मजदूरी करने गया, लौट कर आया तो पत्नी किराए का कमरा खाली कर बच्चों को दूसरे कमरे पर ले गई, घर से सब समेट के गई

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम अटरई निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर अपनी पत्नी समेत तीन लोगों पर मारपीट, घर से चोरी करने और बच्चों को अपने कब्जे में रखने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बच्चों को वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता संजीव बघेल पुत्र कजोरीलाल बघेल ने बताया कि वह अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ रहकर गुना में मजदूरी करता था। कुछ दिन पहले वह काम के सिलसिले में बाहर गया था। वापस लौटने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी किराए का कमरा बदलकर दूसरी जगह रहने लगी है और घर का पूरा सामान भी अपने साथ ले गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पत्नी के संपर्क में रहने वाले कुछ लोगों को लेकर पूछताछ करने पर विवाद हो गया। इसके बाद बलराम, राकेश और नीलम नामक लोगों ने उसके साथ मारपीट की और घर की अलमारी तोड़कर जेवर व नकदी भी ले गए।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि उसकी पत्नी तीनों बच्चों को अपने साथ ले गई है। बड़े बेटे ने फोन कर बताया कि उसे वहां से ले जाने की गुहार लगाई और कहा कि उसकी पढ़ाई भी बंद करा दी गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसके पिता बच्चों को लेने पहुंचे तो उन्हें भी भगा दिया गया।
संजीव बघेल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उसके बच्चों को सुरक्षित वापस दिलाया जाए तथा मारपीट, चोरी और अन्य आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
