1005491171

शिवपुरी में 12 घंटे में लूट का खुलासा: 20 हजार लूटने वाला ‘पंडा’ गिरफ्तार, साथी फरार

1005491171

शिवपुरी। शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 4,500 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसका साथी अभी फरार है।

पुलिस के अनुसार, बम्हारी निवासी 35 वर्षीय सुल्तान सिंह गुर्जर ने 29 जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को वह रोटरी क्लब की बाउंड्री के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर उनकी पैंट की जेब में रखे 20 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।

शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/26 दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने शहरभर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सुरेंद्र शर्मा उर्फ पंडा (29) निवासी पीएसक्यू लाइन के पीछे, जवाहर कॉलोनी के रूप में की। गुरुवार को पुराने रेलवे स्टेशन के पास आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विकास उर्फ आकाश बाथम के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के पास से लूटी गई रकम में से 4,500 रुपये बरामद किए गए हैं। शेष रकम उसके फरार साथी के पास होना बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र उर्फ पंडा एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वह पूर्व में भी लूट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी विकास उर्फ आकाश बाथम की तलाश में जुटी हुई है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक सुमित शर्मा, मुरारी यादव, प्रधान आरक्षक गजेंद्र परिहार तथा विनय कुमार की विशेष भूमिका रही।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *