1005491151

कलेक्टर ने एक साथ पूरे जिले में कराया स्कूलों का निरीक्षण: दो प्राथमिक शिक्षक निलंबित

1005491151

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर लापरवाही पर जिला शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने दो प्राथमिक शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, जिला परियोजना समन्वयक दफेदार सिंह सिकरवार ने विकासखंड शिवपुरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया तथा विकासखंड पोहरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान दोनों स्कूलों में साफ-सफाई की खराब स्थिति, कक्षा-1 में नए प्रवेश नहीं होना, अपार आईडी बनाने में बेहद धीमी प्रगति और यू-डाइस प्रोग्रेशन शून्य पाया गया। इसके अलावा जमौनिया स्कूल की खिड़की भी टूटी हुई मिली।

जांच में शासकीय प्राथमिक विद्यालय जमौनिया के प्राथमिक शिक्षक रवि कुमार चौधरी के खिलाफ शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने और लगातार लापरवाही बरतने की पुष्टि हुई। उन्हें पहले कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उन्होंने उसका जवाब प्रस्तुत नहीं किया। वहीं, शासकीय प्राथमिक विद्यालय अलापुरा के प्राथमिक शिक्षक सुरेश मांझी भी कार्य में लापरवाही के दोषी पाए गए।

इन दोनों मामलों में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान रवि कुमार चौधरी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कोलारस तथा सुरेश मांझी का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बदरवास निर्धारित किया गया है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आगे भी नियमित निरीक्षण और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *