शिवपुरी में भजन ढाबे पर चल रहा था जुए का फड़: 17 जुआरी पकड़े, 45 लाख का माल जप्त

शिवपुरी। शिवपुरी शहर की कोतवाली पुलिस ने जुए के बड़े फड़ पर कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 1 लाख 65 हजार रुपये नकद, दो ताश की गड्डियां, 17 मोबाइल फोन और चार कारें जब्त की हैं। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 45 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा, अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भजन होटल (ढाबा) फोरलेन के पीछे कुछ लोग बड़े स्तर पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखकर कुछ लोग भागने लगे, जबकि ढाबे की पहली मंजिल पर बैठे 17 लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाते हुए मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से ₹1.65 लाख नकद, दो ताश की गड्डियां, 17 मोबाइल फोन तथा जुआ खेलने आए आरोपियों की चार कारें जब्त कीं। जब्त वाहनों में दो स्विफ्ट डिजायर, एक मारुति अर्टिगा और एक स्विफ्ट कार शामिल है।
पुलिस ने सभी 17 आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 13 एवं बीएनएस की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हालांकि पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में इन लोगों के नाम नहीं है। पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक विवेक भट्ट, सुमित शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह परिहार, अवतार सिंह, मोहन चौहान, आरक्षक जितेंद्र रावत, रवि शर्मा, राहुल कुमार, दिलशाद खान, अजीत राजावत तथा चालक आरक्षक शरद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
