1005491032

शिवपुरी में टेलीग्राम और Zengo ऐप के जरिए 8.14 लाख की साइबर ठगी, पहले मुनाफ़ा दिया, फिर ऐंठ लिए

1005491032

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के माधव नगर निवासी एक युवक से टेलीग्राम और Zengo ऐप के जरिए 8 लाख 14 हजार 667 रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर पहले निवेश कराया और बाद में आईडी फ्रीज कर लाखों रुपये की अतिरिक्त मांग कर दी। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, माधव नगर निवासी 27 वर्षीय उदय प्रताप सिंह तोमर पुत्र केशव सिंह तोमर से 22 जुलाई को टेलीग्राम पर खुद को Zengo कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने संपर्क किया। उन्होंने निवेश पर मोटा मुनाफा मिलने का झांसा देकर उदय से Zengo मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया और udaypratapsingh नाम से आईडी बनवाई।

ठगों के कहने पर उदय ने 22 से 24 जुलाई के बीच अपने एसबीआई खाते सहित विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई आईडी के माध्यम से किस्तों में 2.75 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। इसके अलावा उन्होंने अपने एसबीआई खाते में 1.99 लाख रुपये नकद भी जमा किए।

इतना ही नहीं, ठगों के झांसे में आकर उदय के दोस्त बीरबल रजक, अनुज शर्मा, तुषार जैन और पीयूष जैन ने भी अपने-अपने बैंक खातों और यूपीआई के जरिए अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की। इस तरह कुल 8 लाख 14 हजार 667 रुपये ठगों के खातों में पहुंच गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए उसके खाते में कुछ छोटी रकम वापस भेजी, जिससे उसे निवेश असली होने का विश्वास हो गया। लेकिन बाद में अचानक उसकी आईडी फ्रीज कर दी गई और उसे दोबारा चालू करने के नाम पर 6 लाख रुपये और जमा करने की मांग की गई। इसके बाद उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।

परिजनों को पूरी जानकारी देने के बाद उदय प्रताप सिंह तोमर ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम या किसी अनजान ऐप के जरिए मिलने वाले निवेश के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन निवेश से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *