कोलारस में सटोरिया छोटा शिवहरे देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार, वारदात की फिराक में खड़ा था आरोपी

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक सटोरिए को देशी कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से पावर हाउस के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ा था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में जिलेभर में अवैध हथियार रखने और लेकर घूमने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति तथा एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में 29 जुलाई 2026 को थाना कोलारस पुलिस कस्बा भ्रमण पर थी। इसी दौरान बस स्टैंड क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली कि रामपुर के आगे भड़ौता रोड स्थित पावर हाउस के पास मटमैले रंग की टी-शर्ट और लोअर पहने एक व्यक्ति अवैध कट्टा लेकर किसी वारदात की तैयारी में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम छोटा शिवहरे पुत्र गोरीशंकर शिवहरे (42 वर्ष), निवासी ग्राम देहरदा गणेश, थाना कोलारस, जिला शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय कोलारस में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया गया है कि छोटा शिवहरे पहले भी सट्टा और जुआ के मामले में सुर्खियों में रहा है। कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, उप निरीक्षक बबलेश कुमार, प्रधान आरक्षक प्रदीप शर्मा, अजय शर्मा, धर्मेंद्र सिंह सेंगर, आरक्षक दीपक जाट, निर्मल बारेला, महेन्द्र यादव तथा चालक आरक्षक रणवीर यादव की विशेष भूमिका रही।
