बड़ी खबर:दिन दहाड़े Scorpio से आए आरोपियों ने दूध लेने जा रहे युवक को मारी गोली,2 गोलियां पैर में लगी, हालात नाजुक

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। धबारा निवासी राम गजेंद्र गुर्जर पर अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर गोलियां चला दीं। हमले में उनके पैर में दो गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, राम गजेंद्र गुर्जर सुबह अपने घर से दूध देने के लिए निकले थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल करेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
