1005484677

नशे के खिलाफ घर-घर पहुंचेगा जागरूकता वाहन, महिला थाना और माँ शारदा नशा मुक्ति केंद्र की अनूठी पहल

1005484677

शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “नशे से दूरी 2.0” अभियान के तहत बुधवार को महिला थाना पुलिस एवं माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नशामुक्ति वाहन (एंबुलेंस) और ई-स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा तथा जरूरतमंदों को नशामुक्ति सेवाओं से जोड़ेगा।

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी सोनम रघुवंशी एवं गूँजता भारत की संपादक एवं पत्रकार मणिका शर्मा ने संयुक्त रूप से नशामुक्ति वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई और नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

नशामुक्ति अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवन के साथ स्वच्छ और हरित पर्यावरण भी उतना ही आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहकर पर्यावरण संरक्षण में भी अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में दिनेश कुमार श्रीवास्तव (प्रोजेक्ट इंचार्ज, माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केंद्र), राम अवतार मौर्य, आरिफ खान, रफीक अहमद, पद्म मौर्य, उमाचरण श्रीवास्तव, सुनील कुशवाह सहित महिला थाना का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में सभी ने अधिक से अधिक लोगों को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *