गुरु पूर्णिमा पर मंदिर जा रहे पुजारी की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत, एक घंटे तक एम्बुलेंस नहीं पहुंची, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय मंदिर पुजारी की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और एंबुलेंस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों ने पचावली-रन्नौद मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, खरेह गांव निवासी 65 वर्षीय जगदीश जोशी गांव के जोशी मंदिर में पुजारी थे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर वे बाइक से पचावली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खरेह गांव के पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि जगदीश जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई।
एक घंटे तक नहीं पहुंची मदद, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी करीब एक घंटे तक न तो पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस आई। इससे नाराज ग्रामीणों ने पचावली-रन्नौद मार्ग पर जाम लगा दिया।
चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
मौके पर पहुंचे रन्नौद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय रघुवंशी ने पुलिस और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समय पर मदद नहीं मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है और प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
करीब डेढ़ घंटे बाद रन्नौद थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है।
