1005484705

बड़े हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया गुरु का आशीर्वाद

1005484705

शिवपुरी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री राम जानकी तुलसी आश्रम (बड़े हनुमान मंदिर) में महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों शिष्यों ने अपने गुरु का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज द्वारा महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज (अयोध्या), श्री रामदास मौनी जी महाराज एवं तुलसीदास जी महाराज की चरण पादुका पूजा से हुई। इसके बाद गुरु पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपने गुरु को शाल, श्रीफल और मालाएं अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

महोत्सव के दौरान भव्य दीक्षा समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गुरु दीक्षा ग्रहण की। महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को मंत्र दीक्षा देकर आध्यात्मिक जीवन का मार्ग अपनाने का संदेश दिया।

आश्रम परिसर को आकर्षक रोशनी और विशेष सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इसी अवसर पर चल रही श्रीमद्भागवत कथा की पूर्णाहुति भी संपन्न हुई। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजकों ने बताया कि बड़े हनुमान मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर से आश्रम से जुड़े श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *