पति मजदूरी पर गया: पत्नी कविता और बच्चों को भागकर ले गया गोपालपुर का विजय और नीरज, कार्यवाही करो

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टेह निवासी एक युवक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को गांव के ही दो युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पत्नी अपने साथ सोने-चांदी के जेवर और करीब 50 हजार रुपये नकद भी ले गई। मामले में आरोपियों पर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायतकर्ता वीरेंद्र जाटव ने आवेदन में बताया कि वह मजदूरी करने शिवपुरी गया हुआ था। इसी दौरान उसकी 29 वर्षीय पत्नी कविता जाटव अपने बेटे प्रियांश और बेटी सौम्या के साथ घर पर थी। आरोप है कि 16 जुलाई 2026 को गांव के विजय जाटव और नीरज जाटव उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए।
जेवर और नकदी ले जाने का आरोप
आवेदन में कहा गया है कि घर से सोने का बेंदा, बेसर, टॉप्स, गले का हार, चांदी की पायल, करधनी सहित अन्य जेवर और करीब 50 हजार रुपये नकद भी गायब हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसने आरोपियों से संपर्क कर पत्नी के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी।
धमकी देने का भी आरोप
वीरेंद्र का आरोप है कि आरोपियों ने शिकायत या कानूनी कार्रवाई करने पर उसे, उसके परिवार के सदस्यों और उसकी बहन को जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
एसपी से कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने आवेदन में बताया कि जब वह सतनवाड़ा थाने रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा तो उसे पहले पत्नी की तलाश करने की बात कही गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, पत्नी की बरामदगी तथा घर से ले जाए गए जेवर और नकदी वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल यह शिकायतकर्ता के आरोप हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
