बड़ी खबर: गुरु पूर्णिमा पर बागेश्वर से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार डम्फर में घुसी, दो की मौत, 7 घायल

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बागेश्वर धाम से लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी इको कार आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के श्रद्धालु 26 जुलाई को बागेश्वर धाम दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार शाम दर्शन करने के बाद सभी इको कार से वापस अपने घर लौट रहे थे। बुधवार रात करीब 12:30 बजे सुरवाया थाना क्षेत्र में एनएच-27 पर उनकी कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही सुरवाया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने 40 वर्षीय शांता देवी पत्नी राजू कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कार चालक 45 वर्षीय भरत माली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य सात घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
ये लोग हुए घायल
हादसे में भगवती (45), बृजीलाल (53), सीमा (50), गीता पांचाल (56), रामदेव कुमार (22), राजेश शर्मा (45) और रामेश्वर शर्मा (60) घायल हुए हैं। सभी निवासी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बताए जा रहे हैं।
हर महीने जाते थे बागेश्वर धाम
मृतका शांता देवी के पति राजू कुमार ने बताया कि उनका परिवार हर महीने बागेश्वर धाम दर्शन के लिए जाता था। इस बार पत्नी शांता देवी और बेटा रामदेव भी साथ गए थे। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि बेटा घायल है।
वहीं मृत चालक भरत माली के पिता महावीर प्रसाद ने बताया कि भरत उनका इकलौता बेटा था। उसके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भरत अपने पीछे दो नाबालिग बेटियों को छोड़ गया है।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा डंपर चालक के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
