Instragram पर हुई दोस्ती, दूसरी शादी के चार महीने बाद होटल के कमरे में महिला की मौत; पुलिस जांच में जुटी

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में स्थित एनएच-46 किनारे खाटू श्याम होटल के एक कमरे में 30 वर्षीय महिला का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। महिला अपने दूसरे पति के साथ होटल परिसर में बने कमरे में रह रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान लक्ष्मी कुशवाह (30) निवासी मितोजी, कोलारस के रूप में हुई है। बताया गया है कि करीब एक वर्ष पहले उसके पहले पति ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद लक्ष्मी की इंस्टाग्राम के माध्यम से झांसी निवासी पंकज जाटव से दोस्ती हुई, जो कोलारस स्थित खाटू श्याम होटल में कुक का काम करता है। दोनों ने 7 मार्च 2026 को झांसी के एक मंदिर में विवाह कर लिया था।
ससुराल पक्ष से विवाद के बाद होटल में रहने लगे
जानकारी के मुताबिक शादी के बाद महिला का अपने ससुराल पक्ष से विवाद होने लगा, जिसके चलते दोनों पहले शिवपुरी में किराए के मकान में रहे और बाद में होटल परिसर में बने कमरे में रहने लगे।
फोन पर बातचीत को लेकर होता था विवाद
पति पंकज जाटव ने पुलिस को बताया कि लक्ष्मी की किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत होती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। हालांकि बाद में समझौता होने के बाद दोनों साथ रह रहे थे।
काम से लौटने पर कमरे में मिला शव
पंकज के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे वह काम खत्म कर कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। दूसरे कमरे के रास्ते अंदर पहुंचकर देखा तो लक्ष्मी फंदे पर लटकी हुई थी। उसने होटल कर्मचारियों की मदद से उसे नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
