शिवपुरी में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व, मंदिरों और आश्रमों में उमड़ा आस्था का सैलाब

शिवपुरी। गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को शिवपुरी जिले में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों, आश्रमों और शिक्षण संस्थानों में विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने अपने गुरुजनों का पूजन कर आशीर्वाद लिया, वहीं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। शहर के बिनेगा आश्रम, सती अनसूइया आश्रम, सिद्ध बाबा मंदिर, बाणगंगा धाम सहित लगभग सभी प्रमुख मंदिरों और आश्रमों में सुबह से देर शाम तक गुरु पूजन, भजन-कीर्तन, सत्संग और प्रसादी का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी कड़ी में शासकीय कन्या हायर सेकंडरी स्कूल बदरवास में भी गुरु पूर्णिमा उत्सव भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मां सरस्वती एवं महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन से हुआ। शिक्षिका शशि गुप्ता ने गुरु वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
वरिष्ठ शिक्षक गोविन्द अवस्थी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों से शिष्य के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक से जानकारी प्राप्त हो सकती है, लेकिन जीवन को सही दिशा देने वाला गुरु ही होता है। गुरु अपने शिष्य को तराशकर उसे सफलता के योग्य बनाते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य चंद्रवीर सिंह सेंगर ने कहा कि गुरु ही व्यक्तित्व निर्माण करने वाला सच्चा मार्गदर्शक होता है। जीवन में सफलता पाने के लिए गुरु के प्रति सम्मान, अनुशासन और श्रद्धा का भाव आवश्यक है। चंद्रभान श्रीवास्तव ने छात्राओं से गुरुजनों की सीख को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
शिक्षक कपिल परिहार ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर के समान माना गया है। गुरु ही ज्ञान, विवेक और संस्कार देकर समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं। वहीं डॉ. ममता यादव ने कहा कि गुरु के बताए मार्ग पर चलकर उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही गुरु पूर्णिमा का वास्तविक संदेश है। कार्यक्रम में बसंती मिंज और हरवीर यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ममता श्रीवास्तव, विनीता कुशवाह, कनक कुशवाह, महेंद्र कुशवाह, दलवीर सिंह, निर्मला शर्मा, हितेन्द्र कुशवाह, नीलेश रघुवंशी, शालिनी श्रीवास्तव, नावेद अली सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूरे जिले में श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली।
