1005476525

चक्काजाम का नया तरीका: रास्ते का विवाद नहीं सुलटा तो रास्ते पर भेड़ों को खड़ाकर लगा दिया चक्काजाम

1005476525

शिवपुरी। जिले के पिछोर अनुविभाग के खोड़ गांव में तालाब तक जाने वाले पारंपरिक रास्ते को लेकर मंगलवार को विवाद बढ़ गया। रास्ते पर कथित अतिक्रमण के विरोध में पाल समाज के लोगों ने सैकड़ों भेड़ों को गोरा टीला–पिछोर मार्ग पर खड़ा कर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पाल समाज का आरोप है कि भेड़ों को तालाब तक ले जाने वाले वर्षों पुराने सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर मकान बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि इसी रास्ते से वे लंबे समय से भेड़ों को पानी पिलाने ले जाते रहे हैं, लेकिन अब कुछ लोगों द्वारा रास्ता बंद किया जा रहा है। समाज के लोगों ने रास्ता बहाल करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

विरोध जताने के लिए प्रदर्शनकारियों ने अपनी भेड़ों को सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर खोड़ चौकी प्रभारी कुसुम गोयल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। वन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

प्रदर्शन के दौरान पाल समाज के विजय पाल, अंकुश पाल और महेंद्र पाल ने चेतावनी दी कि यदि तालाब तक जाने वाला रास्ता नहीं खोला गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

करीब एक घंटे तक चली समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और भेड़ों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद गोरा टीला–पिछोर मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। प्रशासन ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *