20 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत: परिजनों ने लगाया दुकान के शटर में जानबूझकर करंट छोड़ने का आरोप

1005476352

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के मामोनी खुर्द गांव में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने साजिश के तहत दुकान के शटर में जानबूझकर करंट प्रवाहित किया था, जिससे युवक की मौत हुई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मामोनी खुर्द निवासी भरत विश्वकर्मा (20) पुत्र महेश विश्वकर्मा सोमवार शाम गांव के बाहर अपने परिचितों के साथ मौजूद था। इसी दौरान वह एक दुकान के शटर के संपर्क में आ गया और तेज करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह महज हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश है। उनका कहना है कि दुकान के शटर में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था और इस पूरे मामले में गांव के 4 से 5 लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चौकी से मर्ग डायरी प्राप्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की सभी पहलुओं से जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *