PM आवास योजना के मकान दो लेकर दो भाइयों में विवाद: भाई ने अपने बेटों के साथ मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी

शिवपुरी।जिले के पोहरी थाना क्षेत्र की भटनावर चौकी अंतर्गत भटनावर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में 60 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उनके सगे भाई और चार भतीजों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को लेकर चल रहा था विवाद
मृतक भागीरथ कुशवाह (60) के बेटे शिशुपाल कुशवाह ने बताया कि उनके परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था। परिवार अपनी पुश्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके चाचा बल्ला कुशवाह लगातार विरोध कर रहे थे और दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था।
सगे भाई और चार भतीजों पर गंभीर आरोप
शिशुपाल का आरोप है कि मंगलवार सुबह उनके पिता को बल्ला कुशवाह और उसके चार बेटे—पंचू, भूरा, ग्यासी और विष्णु ने घेर लिया। पहले उनके साथ लाठियों से मारपीट की गई, इसके बाद उनका गला दबा दिया गया। परिजनों का कहना है कि इस घटना के कारण भागीरथ कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर भटनावर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
भटनावर चौकी प्रभारी सीमा धाकड़ ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
