रिटायर्ड PWD SDO एच.पी. वर्मा का व्हाट्सएप हैक, ठेकेदारों से मांगे गए पैसे; कई लोगों ने भेजी रकम, एसपी से शिकायत

शिवपुरी। जिले के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सेवानिवृत्त एसडीओ एच.पी. वर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने उनके नाम और प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर विभाग से जुड़े ठेकेदारों और परिचितों को संदेश भेजकर पैसों की मांग की। बताया जा रहा है कि ठगों के झांसे में आकर कई ठेकेदारों ने अलग-अलग खातों में पैसे भी ट्रांसफर कर दिए।
जानकारी के अनुसार, हैकरों ने व्हाट्सएप के माध्यम से खुद को एच.पी. वर्मा बताकर ठेकेदारों से तत्काल आर्थिक मदद की जरूरत बताते हुए ऑनलाइन राशि भेजने को कहा। चूंकि संदेश परिचित व्यक्ति के नंबर और प्रोफाइल से भेजे गए थे, इसलिए कुछ लोगों ने बिना पुष्टि किए ही पैसे ट्रांसफर कर दिए।
मामले की जानकारी मिलने के बाद एच.पी. वर्मा ने संबंधित लोगों को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक शिवपुरी से करते हुए साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को उजागर किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी व्हाट्सएप संदेश या कॉल पर पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर पुष्टि अवश्य कर लेनी चाहिए।
पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि साइबर तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की जा रही है कि ऐसे संदिग्ध संदेश मिलने पर सतर्क रहें और बिना सत्यापन के किसी भी खाते में राशि ट्रांसफर न करें।
