शिवपुरी में मिलावट खोरों पर शक्ती: 7 डेयरियों से लिए दूध, मावा, पनीर और दही के सैंपल

शिवपुरी। जिले में मिलावटी और खराब गुणवत्ता वाले दूध एवं दुग्ध उत्पादों पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत शिवपुरी, कोलारस, पोहरी और बदरवास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 7 प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, पनीर और दही के नमूने एकत्र किए गए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के उपसंचालक ने बताया कि लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान शिवपुरी के छत्री रोड स्थित न्यू जैन दूध डेयरी से मावा और पनीर, गुर्जर दूध डेयरी से दूध का नमूना लिया गया। कोलारस के लुकवासा स्थित पवन दूध डेयरी से दूध और पनीर, ग्वालियर बायपास पर एक चलित वाहन से दूध, पोहरी के ग्राम झिरी स्थित दिलीप दूध डेयरी से दूध और दही, जबकि बदरवास की मिश्री दूध डेयरी से दही तथा माखन दूध डेयरी से दूध के नमूने एकत्र किए गए।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही दूध एवं दुग्ध उत्पाद खरीदें। यदि कहीं मिलावटी या खराब गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें।
