पोहरी ने कृषि सेवा केन्द्र पर रखा था मैनेजर अमन धाकड़: 2 से तीन लाख का चूना लगा दिया, FIR

शिवपुरी। जिले के पोहरी थाना क्षेत्र में एक कृषि सेवा केंद्र के संचालक ने अपने पूर्व सेल्स मैनेजर पर बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में कथित हेरफेर कर करीब 2 से 3 लाख रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम राठखेड़ा निवासी आकाश वर्मा, जो दिव्या कृषि सेवा केंद्र का संचालन करते हैं, ने बताया कि उन्होंने 5 जुलाई 2022 को एनपुरा निवासी अमन धाकड़ (वर्मा) को 8,500 रुपये प्रतिमाह वेतन पर सेल्स मैनेजर नियुक्त किया था। उसे बिक्री, स्टॉक का रखरखाव, बिल बुक, स्टॉक रजिस्टर और नकदी के हिसाब-किताब की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
संचालक के अनुसार, 11 जनवरी 2026 को बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर का मिलान करने पर दोनों में अंतर मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें बिल बुक और स्टॉक रजिस्टर में कथित काटछांट तथा अतिरिक्त प्रविष्टियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि इस हेरफेर से दुकान को लगभग 2 से 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में कोई राशि वापस नहीं की।
पोहरी थाना पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी अमन धाकड़ (वर्मा) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
