शिवपुरी में पानी भरने को लेकर फटे सिर: नर्स और उसके पति के साथ जमकर मारपीट, दो भाइयों पर मामला दर्ज

शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नवाब साहब रोड पर पानी भरने को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि दो भाइयों ने जिला अस्पताल में कार्यरत नर्स और उसके पति के साथ मारपीट कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राकेश सोलंकी, जो मूल रूप से भोपाल के निवासी हैं, वर्तमान में अपनी पत्नी के साथ नवाब साहब रोड पर किराए के मकान में रहते हैं। उनकी पत्नी शिवपुरी जिला अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत हैं।
राकेश सोलंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पड़ोस में रहने वाले सूर्य राठौर और अमन राठौर से पानी भरने को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। सोमवार को इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोप है कि सूर्य और अमन राठौर ने राकेश और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी।
घटना के बाद पीड़ित दंपती कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एनसीआर (गैर-संज्ञेय रिपोर्ट) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
