डीजल से भरा टैंकर पलटा: स्टाप घायल: डीजल लूटने मची होड, पुलिस ने सम्भाला मोर्चा

शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में सोमवार दोपहर नेशनल हाईवे-46 पर लुकवासा बायपास के पास एक डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने मीडियन पर पलट गया। हादसे में टैंकर चालक और उसका स्टाफ घायल हो गए। दुर्घटना के बाद जहां राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को टैंकर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, वहीं कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण बाल्टियां, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और टैंकर से बह रहे डीजल को भरने की होड़ मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर के पलटते ही उसमें सवार चालक और स्टाफ केबिन में फंस गए थे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि दोनों को चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हादसे के बाद टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू हो गया। इसकी सूचना आसपास के गांवों में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग बाल्टियां, कैन, डिब्बे और अन्य बर्तन लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते सड़क किनारे डीजल भरने वालों की भीड़ लग गई, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को टैंकर से दूर हटाकर हालात पर नियंत्रण किया। इसके बाद टैंकर को पुलिस सुरक्षा में लिया गया। पलटे हुए टैंकर को सीधा करने के लिए क्रेन बुलवाई गई और यातायात व्यवस्था को भी सुचारु कराया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर ग्वालियर की ओर से शिवपुरी की तरफ आ रहा था और उसमें डीजल भरा हुआ था। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि टैंकर किस ऑयल कंपनी का था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार या वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह के हादसों के बाद अक्सर लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रिसाव वाले ईंधन को एकत्र करने पहुंच जाते हैं, जबकि ज्वलनशील पदार्थ के कारण ऐसे स्थानों पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं के दौरान सुरक्षा का ध्यान रखें और दुर्घटनास्थल से दूरी बनाए रखें।
