शिवपुरी में रावड़ी ग्रुप का आतंक! युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला, चार नामजद पर FIR

शिवपुरी। शहर में कथित रूप से सक्रिय रॉयल ग्रुप एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में है। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में दर्ज शिकायत के अनुसार, अंकित कुशवाह (23) निवासी पुरानी शिवपुरी ने बताया कि 26 जुलाई की रात वह अपने दोस्तों देवेश कुशवाह, योगेश कुशवाह, राहुल कुशवाह और मोहित कुशवाह के साथ पिपरसमा रोड स्थित इंटरनेशनल स्कूल के पास घूमने गया था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियों से आए चार युवकों ने उन्हें रोक लिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि देवा रावत, अभि धाकड़, प्रिंस रावत और राजवीर गुर्जर, जिन्हें स्थानीय लोग रॉयल ग्रुप का सदस्य बताते हैं, ने पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अंकित के सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उसके साथियों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहर में रावड़ी ग्रुप का नाम पिछले कुछ समय से लगातार विवादों में सामने आने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समूह के सदस्यों पर आए दिन मारपीट और उपद्रव जैसी घटनाओं के आरोप लगते रहे हैं। यह ग्रुप इंस्ट्राग्राम पर सक्रिय है और इस ग्रुप के कई गुंडा गिर्दी बाले वीडियो सामने आते रहे है, बताया गया है कि इस ग्रुप ने मनियर में भी जमकर उत्पात मचाया था।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
