1005468218

बिजली कटौती से नाराज ग्रामीण: सरपंच अपने साथियों के साथ हाइवे पर लेट गए, तीन घंटे तक चक्काजाम

1005468218

शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद गांव में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीण रविवार सुबह सड़क पर उतर आए। सरपंच अतार सिंह लोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सुबह करीब 6 बजे सिरसौद-पिछोर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सरपंच सड़क पर लेट गए और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, ग्रामीणों ने मानवीयता दिखाते हुए एंबुलेंस को बिना रोके निकलने दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से लोड शेडिंग के नाम पर प्रतिदिन 10 से 12 घंटे बिजली काटी जा रही है। खासकर रात के समय होने वाली बिजली कटौती से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गर्मी और उमस के कारण लोग रातभर जागने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में अंधेरे के कारण एक महिला छत से गिरकर घायल भी हो गई थी।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

सरपंच अतार सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्र में एक घंटे बिजली देने के बाद अगले घंटे फिर कटौती कर दी जाती है। इस तरह की लोड शेडिंग से सिरसौद सहित आसपास के करीब 15 गांवों के लोग परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि सिरसौद से करीब पांच किलोमीटर दूर करैरा कस्बे में लोड शेडिंग के नाम पर बिजली कटौती नहीं होती, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली काटी जा रही है, जिससे लोगों में भेदभाव की भावना है।

करीब सुबह 9 बजे बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Advertisement

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *